
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना । 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर सोमवार को गांव केरटू में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” रही। कार्यक्रम में ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आयुर्वेद के महत्व, संतुलित खान-पान, योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान आयुर्वेद से संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें चार टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना सिंह ने कहा कि आयुर्वेद केवल बीमारी होने के बाद उपचार करने की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक समग्र जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, अनियमित खान-पान और दिनचर्या के कारण लोगों को अनेक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ जीवन की नींव मजबूत की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित दिनचर्या अपनाने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, पर्याप्त नींद लेने और योग व व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए छोटी-छोटी अच्छी आदतों को नियमित जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। आयुर्वेद हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की प्रेरणा देता है।” डॉ. अर्चना सिंह ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रही छात्राओं से आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य से संबंधित सवाल भी पूछे और सही जवाब देने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान आयोजित क्विज प्रतियोगिता में टीम चरक, टीम नागार्जुन, टीम वाग्भट्ट और टीम सुश्रुत ने भाग लिया। प्रतियोगिता में आयुर्वेद, स्वास्थ्य, खान-पान, योग और दैनिक जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में टीम चरक ने प्रथम, टीम नागार्जुन ने द्वितीय और टीम सुश्रुत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह और जिला उपाध्यक्ष बंटी चौधरी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बंटी चौधरी ने बच्चों को योग के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नियमित योग करने, संतुलित आहार लेने और स्वस्थ रहने के लिए जरूरी सावधानियों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर शरीर को स्वस्थ और मन को शांत रखा जा सकता है। मुख्य अतिथि किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए आयुर्वेद और योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए बच्चों और युवाओं को शुरुआत से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना जरूरी है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अनुज कुमार, रेणु कुमारी, पारुल सहित अन्य पदाधिकारी,शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और ग्रामीण मौजूद रहे।




