बरेली
गैरहाजिर जेडी कृषि का जवाब तलब, नोटिस जारी करने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। गोवंश संरक्षण और पशुओं में फैल रही एलएसडी बीमारी को लेकर मंडलीय समीक्षा बैठक में संयुक्त निदेशक कृषि अनुपस्थित रहे। मंडलायुक्त शंभू कुमार ने उनकी गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में बरेली मंडल के चारों जिलों में एलएसडी टीकाकरण, निराश्रित गोवंश के संरक्षण, गोशालाओं में चारे की उपलब्धता और कृत्रिम गर्भाधान की प्रगति की समीक्षा की गई। शासन की ओर से नामित नोडल अधिकारी समेत पशुपालन विभाग और विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन कृषि विभाग के मंडलीय स्तर के अधिकारी के बैठक में नही पहुंचने पर मंडलायुक्त ने कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में पीलीभीत में एलएसडी से प्रभावित छह पशुओं को आइसोलेशन में रखने और रिंग वैक्सीनेशन अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। एफएमडी टीकाकरण की जानकारी 30 सितंबर तक पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपलोड कराने को कहा गया। मंडलायुक्त ने कम क्षमता वाली गोशालाओं से पशुओं को दूसरी गोशालाओं में स्थानांतरित करने, जरूरत के मुताबिक नए शेड बनाने और सभी गो आश्रय स्थलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए। नोडल अधिकारी डा. मेघ श्याम, डा. मदनपाल सिह, सीडीओ देवयानी, संयुक्त विकास आयुक्त देवेन्द्र प्रताप, गौशाला नोडल अधिकारी डा. राकेश कुमार गंगवार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



