‘मेरे सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों ने उकेरी विकसित भारत की तस्वीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर रचनात्मक एवं अभिव्यक्तिपरक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने चित्रों, निबंधों और भाषणों के माध्यम से वर्ष 2047 के भारत को लेकर अपने सपने और विचार प्रस्तुत किए।
राजकीय इंटर कॉलेज लिलोन, राजकीय हाईस्कूल पॉवटी कला, राजकीय हाईस्कूल बलवा, राजकीय हाईस्कूल जैनपुर, इंटर कॉलेज ऐलम, राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज झिंझाना, होली चाइल्ड इंटर कॉलेज बनत, राजकीय इंटर कॉलेज खेड़ा कुर्तान और पब्लिक इंटर कॉलेज कैराना समेत विभिन्न विद्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला तथा कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं कराई गईं। विद्यार्थियों ने शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, नवाचार और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, आत्मनिर्भर, सशक्त, समृद्ध और आधुनिक राष्ट्र के रूप में देखने की कल्पना प्रस्तुत की।



