खेलबालाघाट

बालाघाट-जबलपुर के बीच आज होगा खिताबी मुकाबला

सेमीफाइनल में जबलपुर ने भोपाल और बालाघाट ने उमरिया को दी शिकस्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बालाघाट। स्थानीय शहीद चंद्रशेखर आजाद एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में हॉकी बालाघाट एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 23 सितंबर, बुधवार को बालाघाट और जबलपुर के बीच खेला जाएगा। खिताबी मुकाबला दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगा।
टूर्नामेंट के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर सत्यम कुमार, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा, एसडीएम गोपाल सोनी, नेहरू स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी, हॉकी मध्यप्रदेश के उपाध्यक्ष विजय वर्मा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। फाइनल के बाद विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
जबलपुर ने रोमांचक मुकाबले में भोपाल को हराया
टूर्नामेंट के तीसरे दिन 22 सितंबर को दो क्वार्टर फाइनल और दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। सुबह 8 बजे पहला क्वार्टर फाइनल जबलपुर और नरसिंहपुर के बीच हुआ। इसमें जबलपुर ने 3-2 गोल से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मुकाबला रोमांचक रहा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
दूसरा क्वार्टर फाइनल उमरिया और गोंदिया के बीच खेला गया, जिसमें उमरिया ने 6-2 गोल से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
इसके बाद दोपहर 2.30 बजे से सेमीफाइनल मुकाबले शुरू हुए। पहले सेमीफाइनल में भोपाल और जबलपुर आमने-सामने रहे। भोपाल ने मध्यांतर तक 3-0 गोल की बढ़त बना ली थी। हालांकि, मध्यांतर के बाद जबलपुर के खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी करते हुए निर्धारित समय में तीन गोल कर मुकाबला 3-3 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट से मुकाबले का निर्णय हुआ, जिसमें जबलपुर ने 7-6 गोल से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में अंपायर की भूमिका राजेश सेवईवार और विनोद साव ने निभाई।
बालाघाट ने उमरिया को 5-2 से हराया
दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान बालाघाट का मुकाबला उमरिया से हुआ। बालाघाट की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उमरिया को 5-2 गोल से पराजित किया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की। इस मुकाबले में सादाब खान और साकिर खान अंपायर रहे।
इस तरह टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला बुधवार को मेजबान बालाघाट और जबलपुर के बीच खेला जाएगा। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
मुकाबलों के दौरान उत्पानसिंह ठाकुर, सुशील वर्मा, रमेश उके, सुधांशु तिवारी, रमेश इंगले, राजकुमार शांडिल्य सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजन के दौरान शहर के धुमाल वादक रामजी एवं उनके साथी अपनी पारंपरिक धुनों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत करने के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे।
इन टीमों ने लिया हिस्सा
टूर्नामेंट में बालाघाट की दो टीमों के अलावा डीएचए जबलपुर, नागपुर एकेडमी, रायसेन, भोपाल, नरसिंहपुर, डीएचए सिवनी, बैतूल, गोंदिया, भंडारा और उमरिया की टीमों ने हिस्सा लिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button