हापुड़

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, राहगीर घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़ । पिलखुवा के रिलायंस रोड पर मंगलवार रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई , जबकि सड़क किनारे पैदल जा रहा एक युवक भी घायल हो गया। हादसा राजश्री गोदाम के सामने हुआ । सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रक के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल ले जाते समय बाइक सवार दोनों युवकों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। घायल युवक का उपचार चल रहा है।

पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेड़ा निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई दीपक (25) मंगलवार रात करीब आठ बजे बाइक संख्या DL-5S-AD-6397 से गांव के ही सोनू (30) के साथ रिलायंस रोड स्थित मीसो कंपनी में काम करने जा रहा था। दोनों राजश्री गोदाम के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान कैडबरी गोदाम की ओर से आ रहे ट्रक संख्याNL-01-AE-9634 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क किनारे जा रहा युवक भी चपेट में आया ।

कोतवाली में दी तहरीर के अनुसार , हादसे के समय सड़क किनारे पैदल जा रहा आकाश (19), निवासी सर्वोदय नगर, बिजलीघर के पास, थाना कविनगर, गाजियाबाद भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

ट्रक के नीचे फंसे बाइक सवारों को घसीटने का आरोप

परिजनों ने ट्रक चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर में कहा गया है कि टक्कर के बाद बाइक और दोनों युवक ट्रक के नीचे फंस गए थे। शोर मचाने और लोगों के बताने के बावजूद चालक ने तत्काल ट्रक नहीं रोका और बाइक समेत दोनों युवकों को कुछ दूरी तक घसीट दिया। इसके बाद ट्रक को उनके ऊपर खड़ा करने का भी आरोप लगाया गया है।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों युवकों को ट्रक के नीचे से निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही दीपक और सोनू की मौत हो गई। घायल आकाश का उपचार कराया जा रहा है।

चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग

तहरीर में ट्रक चालक बबलू पुत्र सूरजमल, निवासी ककरेटिया, थाना राया, जनपद मथुरा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। परिजनों का आरोप है कि चालक को हादसे के बाद ट्रक के नीचे लोगों के फंसे होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने ट्रक चलाना जारी रखा। हादसे में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारण और चालक की भूमिका को लेकर पुलिस द्वारा साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button