विशेष रक्तदान शिविर में अधिकारी/ पुलिसकर्मियों समेत आम नागरिकों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
Citizens, including officials and police personnel, participated enthusiastically in the special blood donation camp.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 24 सितंबर 2026 को रक्त अधिाकोष पाकुड़ समेत लगभग सभी प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। विशेष रक्तदान शिविर में नगर प्रशासक अमरिंदर कुमार चौधरी, सीओ अरविंद कुमार बेदिया, पाकुड़ नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, पुलिस पदाधिकारियों, जवानों एवं अन्य कर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इन विशेष शिविरों को रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि जरूरत के समय अस्पतालों एवं मरीजों को पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध कराया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक मानवीय सेवा है। समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ने के साथ भविष्य में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की संख्या में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। वही उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने रक्तदान करने वाले कर्मी एवं आम जनों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि स्वस्थ एवं पात्र लोग आगे आएं और स्वैच्छिक रक्तदान के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि सामूहिक प्रयास से जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सके। इस दौरान सिविल सर्जन, डीएस अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



