महिलाओं की भागीदारी से आजीविका संवर्धन और ग्रामीण आय बढ़ाने की बनी कार्ययोजना
Action plan formulated to enhance livelihoods and boost rural income through women's participation.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के राजपोखर संकुल संगठन परिसर में शनिवार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तत्वावधान में वार्षिक साधारण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष जूली खृष्टमणि हेम्ब्रम, सांसद प्रतिनिधि खुर्शीद आलम, बनियापसार पंचायत की मुखिया सलोमी बेसरा, जेएसएलपीएस के डीएम आशीष कुमार और बीपीएम बासुदेव कुमार साहा समेत प्रखंड एवं संकुल स्तर के कर्मी मौजूद रहे।। सभा में विभिन्न ग्राम संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संकुल संगठन के पिछले वर्ष के कार्यों, वित्तीय प्रगति, आजीविका गतिविधियों तथा आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। संकुल स्तरीय महासंघ के। लेखापाल एवं सचिव ने चार्ट के माध्यम से वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट और वार्षिक प्रगति का प्रस्तुतिकरण किया। बेहतर कार्य करने वाले संगठन से जुड़े सक्रिय सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, बीपीएम बासुदेव कुमार साहा ने आगामी वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं की जानकारी देते हुए कहा कि वीपीआरपी के माध्यम से वार्षिक योजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कृषि आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती तथा सामूहिक स्तर पर आधारभूत संरचना विकसित करने की योजना बनाई जाएगी। प्रत्येक परिवार को कम से कम तीन आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के साथ गैर-कृषि आधारित उद्यमों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि हो सके। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और संकुल संगठन की भूमिका की सराहना की। उन्होंने आजीविका संवर्धन, रोजगार सृजन और सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए। निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। मौके पर अध्यक्ष मार्शिला हसदा, सचिव सबिता टुडू, कोषाध्यक्ष मोमिना खातून, सीसी उदित नारायण सिंह, अमित कुमार साहा, तुलसी गुप्ता समेत बड़ी संख्या में सखी मंडल की दीदियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन संकुल संगठन की सचिव सबिता टुडू ने किया।



