शामली

युवक की मौत पर निजी अस्पताल में हंगामा

परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। शहर के कैराना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में देर रात युवक की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सक पर ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने हंगामा कर रहे परिजनों को समझाकर शांत कराया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव अपने साथ ले गए।

कस्बा बनत के मोहल्ला जवाहरनगर निवासी धर्मवीर का 18 वर्षीय पुत्र सावन गत गुरुवार सुबह करीब चार बजे पेट में तेज दर्द होने पर कैराना रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार युवक को बीपी की समस्या भी थी। चिकित्सक ने युवक का सीटी स्कैन कराया, जिसमें आंत में सुराख होने की बात सामने आई। इसके बाद चिकित्सक ने ऑपरेशन कराने की सलाह दी।

परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने तीन टांकों का ऑपरेशन करने की बात कही थी, लेकिन शाम करीब पांच बजे ऑपरेशन के दौरान युवक का पेट अधिक खोल दिया गया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। देर रात करीब नौ बजे उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।

युवक की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। देर रात तक चली वार्ता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और परिजन बिना कानूनी कार्रवाई के शव अपने साथ ले गए। परिजनों के अनुसार मृतक सावन का अग्निवीर में भी चयन हुआ था।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button