बारिश के अलर्ट के बीच स्कूल-कॉलेज बंद, बूंदाबांदी से बदला मौसम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। मौसम विभाग की ओर से शनिवार को तेज आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिलेभर में स्कूल-कॉलेजों का अवकाश घोषित कर दिया गया। हालांकि दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर में बूंदाबांदी हुई, लेकिन तेज बारिश या तूफान नहीं आया। ठंडी हवाओं के चलते मौसम में ठंडक बढ़ गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
शनिवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं। दोपहर में कुछ समय के लिए धूप निकली, लेकिन इसके बाद फिर बादल छा गए और बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक ऐश्वर्या जायसवाल ने जिलेभर के स्कूल-कॉलेजों में शनिवार का अवकाश घोषित किया था। हालांकि जिले में कहीं भी तेज बारिश या तूफान की स्थिति सामने नहीं आई।
शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री और न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अचानक तापमान गिरने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। मौसम में बदलाव के चलते बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम रही। लोग दिनभर मौसम के मिजाज पर नजर बनाए रहे।




