इंडस्ट्री एरिया में गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के इंडस्ट्री एरिया स्थित एएस इंटरप्राइजेज लिमिटेड के गोदाम में शनिवार को भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में गोदाम में रखा वेस्ट मटेरियल, एल्युमिनियम की कतरन सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। उद्यमी को लाखों रुपये के नुकसान की बात बताई गई है।
बताया गया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे गोदाम से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। कर्मचारियों ने मामले की सूचना फैक्ट्री प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। आग के विकराल रूप को देखते हुए तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। पानी खत्म होने पर पास स्थित निकिता पेपर मिल से दमकल गाड़ियों में पानी भरकर लाया गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
आग में गोदाम में रखा वेस्ट मटेरियल, एल्युमिनियम की कतरन समेत अन्य सामान जल गया। फैक्ट्री में एल्युमिनियम का कच्चा माल तैयार किया जाता है। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।



