
एनसीसी में प्रवेश के संबंध में आपत्तिजनक मांग किए जाने की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई; उच्च शिक्षा विभाग ने किया निलंबित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट/बैहर। शासकीय अरण्य भारती महाविद्यालय, बैहर में पदस्थ सहायक प्राध्यापक डॉ. राजेंद्र सिंह कुशराम के खिलाफ एक छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने कथित यौन उत्पीड़न से संबंधित प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है और आरोपों पर अंतिम निर्णय होना शेष है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता छात्रा ने आरोप लगाया है कि एनसीसी में प्रवेश के संबंध में सीट उपलब्ध नहीं होने के बावजूद प्रवेश दिलाने के लिए प्राध्यापक द्वारा मोबाइल संदेश के माध्यम से उससे यौन संबंध बनाने की कथित मांग की गई। शिकायत के साथ उपलब्ध कराए गए मोबाइल संदेश और वॉयस रिकॉर्ड सहित अन्य सामग्री के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
डॉ. कुशराम महाविद्यालय में प्राणीशास्त्र के सहायक प्राध्यापक के साथ एनसीसी प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। शिकायत सामने आने के बाद महाविद्यालय में इस मामले को लेकर विरोध-प्रदर्शन की स्थिति भी बनी थी।
जमानत आवेदन निरस्त
सहायक जिला अभियोजन अधिकारी नारायण धुर्वे के अनुसार, आरोपी प्राध्यापक को न्यायालय में पेश किया गया। उनकी ओर से न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बैहर शिवानी असाटी की अदालत में जमानत आवेदन प्रस्तुत किया गया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2) के तहत कार्रवाई का उल्लेख किया गया है। न्यायालय ने जमानत आवेदन निरस्त कर आरोपी को जेल भेजने का आदेश दिया।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 में यौन उत्पीड़न से संबंधित प्रावधान हैं। इसमें किसी महिला से यौन लाभ की मांग या अनुरोध सहित कुछ निर्धारित कृत्यों को यौन उत्पीड़न की श्रेणी में रखा गया है, जबकि धारा 75(2) ऐसे कृत्यों के लिए दंड का प्रावधान करती है।
उच्च शिक्षा विभाग ने किया निलंबित
इधर, उच्च शिक्षा विभाग के उपसचिव एल.के. खरे के आदेश के अनुसार डॉ. कुशराम को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, जबलपुर कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
खरीदी संबंधी शिकायत से जोड़ने की चर्चा, पुष्टि नहीं
इस प्रकरण को महाविद्यालय में करीब 50 लाख रुपये की खरीदी में कथित अनियमितता को लेकर डॉ. कुशराम द्वारा उच्च शिक्षा विभाग को की गई शिकायत से जोड़कर देखे जाने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, दोनों मामलों के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बैहर थाना प्रभारी दीपिका सिंगौर के अनुसार, छात्रा की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है।



