गाजियाबाद

प्लॉट पर कब्जे और एक करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप

कोर्ट के आदेश पर सात के खिलाफ केस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंकुर विहार थाना क्षेत्र में एक प्लॉट पर कथित अवैध कब्जे और जमीन वापस करने के एवज में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। अंकुर बिहार थाना क्षेत्र में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। अदालत के आदेश के बाद अंकुर विहार थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर समेत सात नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामेश्वर पार्क, निवासी विमला देवी ने अंकुर बिहार थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उन्होंने क्षेत्र में एक प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि एक स्थानीय प्रॉपर्टी डीलर ने अपने साथियों के साथ मिलकर जमीन से संबंधित कथित फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इसके आधार पर प्लॉट पर कब्जा कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और हथियारों के बल पर वहां निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया।
शिकायत के मुताबिक, जब विमला देवी ने कब्जे का विरोध करते हुए जमीन खाली करने की बात कही तो आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इस दौरान उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए कहा गया कि यदि उन्हें अपनी जमीन वापस चाहिए तो एक करोड़ रुपये देने होंगे, अन्यथा प्लॉट के साथ जान से भी हाथ धोना पड़ेगा।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पीड़िता के अनुसार घटना के बाद उन्होंने आपातकालीन सेवा 112, एसडीएम लोनी और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि स्थानीय पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें न्यायालय का रुख करना पड़ा।
न्यायालय के आदेश के बाद अंकुर विहार थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए जमीन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल शुरू कर दी है।
सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर पवन कुमार, अनिल कुमार, योगेश, जितेंद्र, हरमीत, नितिन शर्मा और विशाल कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि राजस्व विभाग की सहायता से जमीन के दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए टीम गठित की गई है और नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button