गोरखपुर
छठ पर्व से पहले बड़हलगंज की बदहाल व्यवस्था पर पूर्व चेयरमैन ने उठाए सवाल
कान्हा गोशाला के बावजूद सड़कों पर घूम रहे गोवंश, सरयू तट पर कूड़ा डंपिंग से पर्यावरण को खतरा

एमआरएफ सेंटर और गोवंश आश्रय के बजट की जांच की मांग, डीएम को सौंपा शिकायती पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : छठ महापर्व से पहले नगर पंचायत बड़हलगंज की सफाई और घाटों की व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व चेयरमैन अश्वनी उर्फ सूरज जायसवाल ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने नई-पुरानी हनुमानगढ़ी, तिवारीपुर, लेटा घाट, पक्का घाट, लक्ष्मीनारायण मंदिर घाट, तरकुलही और शिवालय घाट सहित नगर के प्रमुख छठ घाटों पर बदहाल व्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र में निराश्रित गोवंशों की दुर्दशा, सरयू नदी तट पर कूड़ा डंपिंग और सरकारी योजनाओं में संभावित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग की गई है।
समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन ने आरोप लगाया कि करीब 2.75 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2015-16 में निर्मित कान्हा गोवंश आश्रय स्थल होने के बावजूद बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों और सरयू तट पर भटक रहे हैं। ये पशु कूड़ा खाने को मजबूर हैं, जबकि उनके भरण-पोषण और चिकित्सा के लिए सरकारी धन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने गोशाला में गोवंशों की वास्तविक संख्या और बजट खर्च की जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने नगर पंचायत पर सरयू नदी के किनारे लगातार कूड़ा डंप करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि प्रतिवर्ष हजारों ट्रॉली कूड़ा नदी तट और आसपास के इलाकों में डाला जा रहा है। कूड़े में आग लगाए जाने से उठने वाला धुआं और दुर्गंध आसपास के वार्डों के लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। उन्होंने इसे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया।
शिकायती पत्र में एमआरएफ सेंटर के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद ठोस कचरा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने पर भी सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने एमआरएफ सेंटर के निर्माण, संचालन और बजट खर्च की अभिलेखीय व स्थलीय जांच कराने की मांग की है।
पूर्व चेयरमैन ने एसडीएम गोला से छठ पर्व से पहले घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा जिलाधिकारी से कान्हा गोशाला, कूड़ा निस्तारण, एमआरएफ सेंटर और नगर पंचायत के विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही पूर्व में की गई शिकायतों पर हुई कार्रवाई और जांच रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध कराने की भी मांग की है।




