गोड्डा
हर एक पंचायत से दो स्वयं सहायता समूहों को मॉडल एसएचजी बनाने का निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (जेएसएलपीएस) के अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यक्रम एवं परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रखंडवार स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), ग्राम संगठन (वीओ) और क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) के गठन, क्रेडिट लिंकेज, ई-केवाइसी, बैंक खाते, मुद्रा लोन, लखपति दीदी योजना, आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना, पीएमएफएमई और आजीविका गतिविधियों समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जेएसएलपीएस डीपीएम को कहा की (एसएचजी) एवं (सीएलएफ) सिर्फ पेपर पर ही बन कर ना रहे उनकी विकास धरातल पर भी दिखे. वे नियमित रूप से क्रियाशील रहे साथ ही उन्हें पारंपरिक व्यावसाय से प्रेरित कर सशक्त बनाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने यह भी कहा कि इन महिलाओं को आवश्यकतानुसार अन्य जिलों अथवा राज्यों में प्रशिक्षण हेतु भेजा जाए ताकि वह कुछ नया सीख सकें तथा अपने कौशल और उत्पादों में नवाचार ला सकें। इसके साथ ही उपायुक्त ने हर एक पंचायत से दो स्वयं सहायता समूहों को मॉडल एसएचजी बनाने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त आधार सीडिंग/मोबाइल नंबर अपडेट/बैंक खाता खुलवाने जैसे कार्यों को 15 दिनों के भीतर शत् प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वही सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को नियमित फील्ड विजिट कर प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं से महिला समूहों को जोड़ने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत, डीपीएम जेएसएलपीएस, सभी प्रखंड के बीपीएम मौजूद थे।




