हापुड़ की सड़क पर बीच बाजार हाई वोल्टेज ड्रामा
इश्क और छोले-भटूरे की गुप्त योजना... और बीच में आ गया 'फैमिली री-यूनियन' का महाट्विस्ट!

छोले-भटूरे के चक्कर में पकड़ा गया इश्क में डूबा हुआ पति…..
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – यह घटना जनपद हापुड़ के तीर्थनगरी बृजघाट की है, जहां एक गजब तरीके का हाईवोल्टेज ड्रामा सड़क पर देखने को मिला है । आरोप है कि एक शादीशुदा शख्स अपनी प्रेमिका को गेस्ट हाउस में ठहराकर बाजार से छोले-भटूरे पैक करवा रहा था, तभी उसकी पत्नी अपने परिवारवालों के साथ वहां पहुंच गई और बीच बाजार अपने पति की जमकर पिटाई कर दी।
दरअसल अजय नाम के इस शख्स की शादी को 14 साल हो चुके हैं और उसके दो बेटे भी हैं। पत्नी कविता का आरोप है कि अजय अक्सर काम का बहाना बनाकर सुबह अपने घर से निकलता था और काम पर जाने के बजाय अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंच जाता था। परिवार वाले उसकी इन हरकतों से लंबे समय से परेशान थे। आज जब पत्नी कविता को सूचना मिली कि अजय किसी अन्य महिला के साथ बृजघाट में मौजूद है, तो वह तुरंत अपने परिजनों के साथ वहां जा पहुंची। उन्होंने देखा कि अजय एक गेस्ट हाउस के पास दुकान से छोले-भटूरे की दो प्लेट पैक करवा रहा था। पत्नी ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई।
हालांकि, अजय ने सफाई देते हुए पत्नी के सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उसका कहना था कि उसके साथ कोई महिला नहीं थी और वह केवल घर के मानसिक क्लेश से परेशान होकर बृजघाट आया था। इस पर पत्नी ने पलटवार करते हुए सवाल उठाया कि अगर वह अकेला था, तो फिर छोले-भटूरे की दूसरी प्लेट किसके लिए पैक करवाई जा रही थी।
मामला बढ़ता देख स्थानीय ब्रजघाट पुलिस चौकी तक पहुंचा। हालांकि, पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और दोनों पक्षों की आपसी सहमति के बाद मामले को सुलझा लिया गया और पति-पत्नी अपने घर लौट गए।



