मथुरा
जिला जेल में आयुष वाटिका का उद्घाटन, भोजन की गुणवत्ता परखी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। जिला कारागार में नव-निर्मित आयुष वाटिका का बुधवार को जिला जज विकास कुमार, जिलाधिकारी चन्द्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्र्लोक कुमार ने विधिवत उद्घाटन किया, वहीं एक बंदी द्वारा अपने हाथों से बनाई गई खूबसूरत तस्वीरों को देखकर अधिकारी उसकी प्रतिभा के कायल हो गए। न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों ने कारागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। बुधवार को संयुक्त टीम ने सबसे पहले जेल के मुख्य सुरक्षा द्वारों, संतरी पोस्टों और सुरक्षा कैमरों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इसके पश्चात अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का सघन निरीक्षण कर वहां निरूद्ध बंदियों और कैदियों से सीधी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। जेल अधीक्षक अंशुमान गर्ग ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार परिसर में पर्यावरण और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित ‘आयुष वाटिका’ का उद्घाटन किया। इस वाटिका में स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी विभिन्न प्रकार के दुर्लभ औषधीय पौधे लगाए गए, जिनमें अपराजिता, अश्वगंधा, लौंग, पत्थरचट्टा, इलायची और सिंदूर आदि के पौधे शामिल हैं। अधिकारियों ने जेल प्रशासन के इस हरित और स्वास्थ्यवर्धक प्रयास की जमकर सराहना की। अधिकारियों ने भोजनालय (रसोई घर) और जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया। रसोई में स्वच्छता व भोजन की गुणवत्ता परखते हुए मेन्यू के अनुसार पौष्टिक आहार देने के निर्देश दिए गए। अस्पताल में बंदियों के स्वास्थ्य, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सीय सुविधाओं की समीक्षा की गई। शीर्ष अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने और बंदियों के मानवाधिकारों का पूरा ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिए।



