भास्कर के छात्र-छात्राओं ने दिया स्वच्छता का संदेश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। भास्कर इंटरनेशनल स्कूल एवं भास्कर कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र-छात्राओं ने जनपद न्यायालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद विद्यार्थियों को जनपद न्यायालय और कैराना थाने का शैक्षिक भ्रमण कराया गया।
जनपद न्यायाधीश इंद्रप्रीत सिंह जोश के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं देशहित में किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। प्रधान न्यायाधीश ब्रिजेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को न्यायालय की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न कानूनी विषयों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने कोतवाली का शैक्षिक भ्रमण किया। इंस्पेक्टर सतीश कुमार और पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को थाने की कार्यप्रणाली और पुलिस से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। सीओ हेमंत कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को महिला हेल्प डेस्क, हेल्प डेस्क, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, जनरल डायरी (जीडी) कार्यालय और कंप्यूटर ऑपरेटिंग कार्यालय की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में भास्कर ग्रुप के डायरेक्टर एमएफ कुरैशी, प्राचार्य प्रोफेसर अमितेश कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य नौशाद अली, हरमन कौर, सैयदा समीना हुसैन, मुस्कान अल्वी, मेहरदीन, सोनू, बलजीत कौर आदि मौजूद रहे।
