खैरथल

पंचायतीराज जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम का जिला स्तर पर आयोजन

जनप्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री के संवाद कार्यक्रम में लिया भाग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पंचायतीराज जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम का जिला स्तर पर आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़कर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के संवाद को सुना।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के व्यक्ति की समस्या और उसकी उम्मीद का पहला केंद्र सरपंच होता है। उन्होंने पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर जनसंवाद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सबसे छोटी, लेकिन सबसे मजबूत इकाई है तथा गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने सरपंच कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए जनप्रतिनिधियों को सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांव मजबूत होंगे तो राजस्थान मजबूत होगा। ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी से विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं, किसानों, महिलाओं, गरीब एवं वंचित वर्गों के कल्याण तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने पंचायत स्तर पर अटल ज्ञान केन्द्रों की स्थापना, ग्रामीण आवास, सड़कों, पेयजल, विद्युत, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों का उल्लेख किया। साथ ही, वन स्टेट-वन इलेक्शन के संकल्प की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर अतुल प्रकाश, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, पवन यादव सहित पंचायतीराज विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों से जुड़े जनप्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता की तथा मुख्यमंत्री के संवाद को सुना।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button