खैरथल
गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया महापुरुषों को नमन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा : किशनगढ़ बास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को खैरथल-तिजारा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्रहित में किए गए योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देश के लिए समर्पण और सेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज और देश को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रहे हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश की आजादी के आंदोलन को नई दिशा दी और आमजन को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ा। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सरल जीवन, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देशवासियों के सामने सेवा और कर्तव्य का आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी के विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
यादव ने कहा कि आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी महापुरुषों के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित, सामाजिक एकता, भाईचारे और जनसेवा के लिए आगे आए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान और ब्लॉक अध्यक्ष इस्माइल खान हेतराम सरपंच शहर अध्यक्ष संस्कार अग्रवाल पूर्व जिला सचिव संदीप अग्रवाल यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव रामनिवास प्रजापत पार्षद अर्जुन ठाकुर सद्दाम खान अंशु चौकन गुलाब शर्मा रशीद खान सुभाष सैनी राजेश प्रजापत सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

