लेखपालों ने दिया धरना, कार्य बहिष्कार की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। लेखपालों ने लंबित मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना देकर विरोध जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा। चेताया कि मांगें पूरी नहीं हुई, तो 17 अक्टूबर से प्रदेशभर में पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
शनिवार को सौंपे गए ज्ञापन में लेखपालों ने 2800 ग्रेड-पे लागू करने, अंतर्मंडलीय स्थानांतरण की व्यवस्था शुरू करने, लंबित पदोन्नतियों का निस्तारण करने और परीक्षा परिणाम घोषित करने, विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी किए जाने की मांग की। लेखपालों ने भूलेख कार्यालयों में संबद्ध किए गए लेखपालों को मूल तैनाती स्थल पर भेजने, ग्राम सचिवालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने की मांग भी उठाई। साथ ही कार्य के लिए लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से मांगों के समाधान की मांग की जा रही है। यदि जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 17 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।



