धूमधाम से निकली शिव बारात शोभायात्रा
ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे श्रद्धालु, ब्रह्मा-विष्णु-महेश और शिवगणों की झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। श्रीरामलीला के शुभारंभ से पहले नगर में भगवान शिव की बारात की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर झूमते हुए नजर आए। वहीं, झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रही।
श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में गौशाला भवन में श्रीरामलीला का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को शुभारंभ से पूर्व गौशाला भवन से पूजा-अर्चना के बाद भगवान शिव की बारात की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ब्रह्मा, विष्णु और महेश के साथ भगवान शंकर के गण शुक्र, शनि आदि की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए। रामलीला कमेटी के निदेशक डा. रामकुमार गुप्ता, प्रमोद गोयल, नवीन शर्मा, ऋषिपाल शेरवाल और रोहित बच्चस ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे श्रीरामलीला का शुभारंभ किया जाएगा। रविवार दोपहर दो बजे काल जुलूस निकाला जाएगा। नौ अक्टूबर को श्रीराम बारात और 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। प्रतिदिन गौशाला भवन में स्थानीय कलाकारों द्वारा श्रीरामलीला का मंचन किया जाएगा। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जयपाल सिंह कश्यप, सचिव आलोक गर्ग, कोषाध्यक्ष संजू वर्मा, अतुल कुमार गर्ग, सुशील कुमार सिंघल, शगुन मित्तल एडवोकेट, राकेश गर्ग आदि मौजूद रहे।



