उपायुक्त एवं एसपी ने रानीश्वर में विकास कार्यों का लिया जायजा
Deputy Commissioner and SP reviewed development works in Ranishwar.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रानीश्वर, दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने रानीश्वर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। दक्षिणजोल पंचायत के प्रतापपुर गांव में मनरेगा से नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवन का उद्घाटन किया गया। इस दौरान बच्चों के बीच टॉफी का वितरण किया गया तथा ग्रामीणों से पेयजल सहित अन्य समस्याओं की जानकारी ली गई। भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने बांसकुली पंचायत के मुरगुनी गांव में मसालिया-रानीश्वर मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के तहत निर्मित बराज का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बराज की स्थिति, पानी छोड़े जाने एवं अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने अधिकारियों को विकास योजनाओं एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



