बागपत
शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला : मनीषा अहलावत
शिक्षक समाज का सच्चा मार्गदर्शक : केपी मलिक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत। चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में महर्षि दयानंद सरस्वती वैदिक महाविद्यालय के प्रांगण में राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक यज्ञ के साथ हुआ। देशभर के 18 राज्यों से पहुंचे सैकड़ों शिक्षकों को उनके शिक्षा एवं समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री केपी मलिक ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज का सच्चा मार्गदर्शक होता है। शिक्षा के माध्यम से ही राष्ट्र का उत्थान संभव है। प्रत्येक नागरिक के लिए शिक्षा बेहद आवश्यक है और शिक्षक युवा पीढ़ी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षक ही बच्चों के ज्ञान में वृद्धि करने के साथ उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करते हैं। इसलिए शिक्षक की जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार और चरित्र निर्माण भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
आगरा मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक धीरेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में अभिभावक अपने रिश्तेदारों की अपेक्षा शिक्षकों पर अधिक विश्वास करते हुए अपने बच्चों को विद्यालय भेजते हैं। शिक्षकों को इस विश्वास की कसौटी पर खरा उतरते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना चाहिए।
जनपद बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक की भूमिका गुरु के रूप में और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। युवा पीढ़ी को संस्कारित करने तथा उन्हें सही दिशा देने का कार्य शिक्षक ही प्रभावी रूप से कर सकते हैं।
इस अवसर पर भारत सरकार एवं विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा सम्मानित 18 राज्यों के सैकड़ों शिक्षकों को चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से प्रतीक चिन्ह एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. मनीष तोमर ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा प्रणाली में तकनीकी कौशल तो विकसित हो रहा है, लेकिन कई बार चरित्र निर्माण और आत्मज्ञान पीछे छूट जाता है। गुरु का मार्गदर्शन वह कड़ी है, जो आधुनिक ज्ञान और वैदिक मूल्यों के बीच सेतु का कार्य करती है।
इस अवसर पर दिल्ली से पहुंचे डॉ. राकेश अरोड़ा, डॉ. गीतांजलि तोमर, डॉ. तरुण तोमर, डॉ. शस्या तोमर, प्रधानाचार्य रामपाल सिंह तोमर, विकास मलिक, प्रोफेसर सुरेंद्र पाल आर्य, धर्मपाल त्यागी, रवि शास्त्री, कपिल आर्य, अरुण मलिक, लाल बहादुर मौर्य, बबीता तोमर, डॉ. आदित्य तोमर सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



