गोड्डा
विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जिले में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि दिनांक 01 अक्टूबर को अहर्ता तिथि मानते हुए 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले ऐसे सभी पात्र भारतीय नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनका प्रपत्र-6 प्राप्त करने हेतु 10 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। विशेष कैंप में संबंधित बीएलओ एवं बीएलओ-2 कार्यालय अवधि में प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे। कैंप में प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के साथ जिला द्वारा उपलब्ध कराई गई डिस्क्रेपेंसी मैपिंग सूची में शामिल ऐसे मतदाता, जिन्हें विभिन्न कारणों से नोटिस जारी किया गया है, से संबंधित मामलों पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कैंप के दौरान नोटिस प्राप्त ऐसे मतदाताओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही कैंप में प्राप्त प्रपत्रों एवं SIR-2026 के तहत निर्गत नोटिस के विरुद्ध जमा किए गए दस्तावेजों का डिजिटलीकरण भी किया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा आवश्यक संशोधन के लिए निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया। बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं बीएलओ पर्यवेक्षक अपने-अपने संबंधित मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे तथा निरीक्षण का फोटोग्राफ जिला निर्वाचन शाखा को उपलब्ध कराएंगे। जिला प्रशासन द्वारा पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे विशेष कैंप का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने एवं आवश्यक सुधार हेतु निर्धारित प्रपत्रों के साथ संबंधित मतदान केंद्र पर उपस्थित हों।मौके पर उपनिर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत कुमार लायक, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ओमप्रकाश यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



