मथुरा

मथुरा से वृंदावन की बंद पड़े रेल मार्ग पर बनेगी फोरलेन सड़क कार्ययोजना पर काम तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। श्रीकृष्ण की जन्मभूमि से बांके बिहारी यानी वृंदावन की राह पर आवागमन आसान होने वाला है। बड़े पड़े मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग पर फोरलेन सड़क बनाने की योजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रदेश सरकार की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव सोमनाथ ने मंगलवार दोपहर लोक निर्माण विभाग अनुभाग-2 के प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष को मेल भेजकर इसकी कार्ययोजना मंगलवार को ही मांगी है। मेल में इसे अति महत्वपूर्ण बताते हुए प्रत्येक दशा में कार्ययोजना का प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
संयुक्त सचिव ने मेल में आगरा मंडलायुक्त की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि मथुरा-वृंदावन के बीच फिलहाल एक ही मार्ग से कनेक्टिविटी है। इस पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है और स्टेट बैंक चौराहे से भूतेश्वर तक अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। आवागमन सुगम बनाने के लिए मथुरा विजन-2030 में निष्प्रयोज्य रेलवे ट्रैक पर यातायात के लिए परियोजना प्रस्तावित की गई है।
मथुरा-वृंदावन के बीच निष्प्रयोज्य रेलवे ट्रैक की लंबाई 11.80 किमी और भूमि का क्षेत्रफल 35.5703 हेक्टेयर है। भूमि के लिए 407.16 करोड़ रुपये का अनुमानित प्रस्ताव वरिष्ठ मंडल अभियंता (प्रथम), उत्तर मध्य रेलवे और मंडल रेल प्रबंधक (कार्य), आगरा को भेजा जा चुका है। भूमि लागत का वहन लोक निर्माण विभाग और सड़क निर्माण की लागत मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण करेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button