गोड्डा

टीबी-मुक्त भारत अभियान के तहत गोड्डा में जोश टीम का जिला स्तरीय शुभारंभ

उप विकास आयुक्त, नगर परिषद अध्यक्ष एवं सिविल सर्जन ने दीप प्रज्ज्वलित कर संयुक्त रूप से किया शुभारंभ

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने ली टीबी उन्मूलन की शपथ
टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ के संकल्प के साथ जनभागीदारी एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता पर दिया गया जोर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड एवं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के तत्वावधान में ‘टीबी-मुक्त भारत अभियान’ के तहत आज डीआरडीए सभागार, गोड्डा में ‘जोश टीम’ का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त, नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी एवं सिविल सर्जन डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा सहित अन्य गणमान्य के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर टीबी-मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण उपस्थित पदाधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा देखा गया।
इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। उन्होंने जनभागीदारी के माध्यम से देश को टीबी-मुक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ के संदेश के साथ टीबी उन्मूलन को लेकर उपस्थित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जोश टीम की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। टीम के माध्यम से युवाओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए समुदाय के बीच टीबी के लक्षणों, जांच एवं उपचार को लेकर जागरूकता फैलाने, संभावित टीबी मरीजों की पहचान करने तथा उन्हें समय पर जांच एवं उपचार से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। साथ ही उपचाररत मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने एवं उपचार पूरा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उप विकास आयुक्त ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से टीबी-मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में मदद मिलेगी। नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी ने शहरी क्षेत्र में वार्ड स्तर पर जागरूकता बढ़ाने एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं सिविल सर्जन डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी की जांच एवं उपचार को लेकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ आमजनों तक पहुंचाने की अपील की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button