गाजियाबाद

लोनी की दो कॉलोनियों में घंटों गुल रही बिजली, गर्मी से बेहाल लोग सड़क पर उतरे

बिजली संकट के साथ पानी की समस्या भी गहराई, विभाग के खिलाफ लोगों में आक्रोश व्याप्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लोनी गाजियाबाद : नगर पालिका परिषद क्षेत्र की शांति नगर और इंद्रपुरी कॉलोनी में कई घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल होने से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और वे सड़क पर बैठकर विरोध जताने को मजबूर हो गए। लंबे समय तक बिजली नहीं आने के कारण इन्वर्टर भी बंद हो गए, वहीं पानी की आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बिना पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और संबंधित सब-स्टेशन पर कई बार फोन कर समस्या की जानकारी देने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
गर्मी और उमस से बच्चे-बुजुर्ग परेशान
कॉलोनीवासियों ने बताया कि घंटों बिजली न होने के कारण घरों में गर्मी और उमस बढ़ गई। इसका सबसे अधिक असर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बिजली कटौती का असर जलापूर्ति पर भी दिखाई दिया। सुबह और शाम के समय नलों में पर्याप्त पानी नहीं आने से लोगों की दैनिक जरूरतें प्रभावित हुईं। कई परिवारों को पीने के पानी के लिए बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा।
जर्जर तार और ओवरलोड ट्रांसफार्मर की समस्या का उठाया मुद्दा
स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि फॉल्ट या लो वोल्टेज की समस्या होने पर उसे ठीक करने में काफी समय लग जाता है। लोगों का कहना है कि विभाग को नियमित मेंटेनेंस कर जर्जर विद्युत तारों और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।
कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत आपूर्ति जल्द सुचारू नहीं हुई और समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे सामूहिक रूप से बिजलीघर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button