सिंगरौली
नवरात्रि को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी षियाज के.एम. ने दिए सुरक्षा के निर्देश
पूजा पंडालों में सीसीटीवी, महिला सुरक्षा और सुरक्षित प्रतिमा विसर्जन पर जोर, मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा की उपस्थिति में रुस्तमजी कॉन्फ्रेंस हॉल में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने थाना एवं अनुभाग स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित करने तथा दुर्गा पूजा समितियों और डीजे संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा। पूजा पंडालों में महिला सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण, विद्युत सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्रतिमा विसर्जन में सुरक्षा के निर्देश
एसपी ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने, निर्धारित मार्गों से ही शोभायात्राएं निकालने और चिन्हित स्थलों पर सुरक्षित विसर्जन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत तारों, गहरे पानी और डूबने जैसी घटनाओं से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। पूर्व में विवादग्रस्त और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई पर जोर
अपराध समीक्षा के दौरान नवीन आपराधिक कानूनों के तहत निर्धारित 60 और 90 दिनों की समय-सीमा का पालन करने, ई-साक्ष्य एप के माध्यम से फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग करने तथा पासपोर्ट सत्यापन में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई और व्यावसायिक मात्रा वाले मामलों में वित्तीय अनुसंधान पूरा कर पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रस्ताव भेजने पर भी जोर दिया गया।
लंबित मामलों और शिकायतों का समय पर निराकरण
एसपी ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटना के मामलों में ई-डीएआर के माध्यम से एफएआर, आईएआर और डीएआर समय-सीमा में भेजने के निर्देश दिए। पीएम राहत योजना का लाभ पात्र पीड़ितों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को अनावश्यक रूप से एक स्तर से दूसरे स्तर पर स्थानांतरित नहीं करने और एल-2 स्तर पर उनकी नियमित निगरानी करने को कहा गया। इसके साथ ही लंबित अपराध, चालान, मर्ग और गुमशुदगी के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति, सामाजिक सौहार्द और जनसुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रभावी अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



