गोड्डा
तुलसीकित्ता में 85 वर्षों से चली आ रही मां काली की पूजा की परंपरा
आज रात गर्भगृह में विराजेंगी मां, तैयारियां पूरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। पथरगामा प्रखंड के तुलसीकित्ता गांव स्थित पुरानी बाजार रोड के प्राचीन काली मंदिर में मां काली की पूजा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर में आकर्षक साज-सज्जा के साथ भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। रविवार की रात्रि मां काली की प्रतिमा को विधि-विधान के साथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु मां काली के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इस प्राचीन मंदिर में पिछले 85 वर्षों से लगातार मां काली की पूजा-अर्चना होती आ रही है। वर्ष 2021 में ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर का भव्य निर्माण कराया गया था। इससे पहले यहां पूजा के लिए कोई सुव्यवस्थित भवन नहीं था। इस वर्ष भी मां काली की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है, जिसका निर्माण लुकलुकी, डुमरिया के बिशुनपुर से पहुंचे मूर्तिकार सिद्धार्थ मंडल कर रहे हैं। पूजा संपन्न कराने के लिए ललन पंडित जी महाराज के द्वारा किया जायेगा। वहीं, यजमान के रूप में अनूप कुमार गुप्ता अपनी पत्नी कोमल गुप्ता के साथ पूजा-अर्चना करेंगे।
पूजा के अवसर पर 10 नवंबर को पटना से आए कलाकारों की टीम द्वारा भव्य भक्ति जागरण प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, 11 नवंबर को मां काली की विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। विसर्जन यात्रा में कोलकाता से आए कलाकार भगवान शंकर, बजरंगबली, मां काली और अघोरी बाबा सहित विभिन्न धार्मिक स्वरूपों में आकर्षक रोड शो प्रस्तुत करेंगे। मां काली की पूजा और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर तुलसीकित्ता गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह है। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया है। ग्रामीणों के सहयोग से पूरे आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारी की गई है।


