खैरथल
पंचायत समिति आम चुनाव-2026
संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी

नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, नामांकन पत्रों की जांच एवं निरस्तीकरण के प्रावधानों पर किया मार्गदर्शन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर के निर्देशानुसार पंचायत समिति आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत शनिवार को जिले की सभी पंचायत समितियों के सभागारों में भावी संभावित प्रत्याशियों के लिए ‘प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला’ आयोजित कि गई। कार्यक्रम का उद्देश्य संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, नामांकन संबंधी नियमों एवं आवश्यक औपचारिकताओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर उन्हें चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूक एवं तैयार करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान संभावित प्रत्याशियों को पंचायत समिति आम चुनाव में प्रत्याशी के रूप में भाग लेने के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, नामांकन पत्र के साथ संलग्न किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों, निर्धारित प्रपत्रों को सही तरीके से भरने, आवश्यक घोषणाएं करने तथा नामांकन प्रस्तुत करते समय नियमों की पालना सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, दस्तावेजों की पूर्णता एवं शुद्धता तथा नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के बारे में भी अवगत कराया गया।
संवाद कार्यक्रम में संभावित प्रत्याशियों को यह जानकारी भी दी गई कि निर्वाचन संबंधी नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं की पालना नहीं करने, आवश्यक दस्तावेजों अथवा सूचनाओं में कमी रहने तथा नियमानुसार निर्धारित अन्य परिस्थितियों में नामांकन पत्र निरस्त हो सकता है। इस संबंध में नामांकन पत्र भरने से लेकर उसे निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने तक प्रत्येक चरण में सावधानी बरतने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने पर जोर दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनुपालना में जिले की सभी पंचायत समितियों में कार्यक्रम आयोजित कर संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया गया। ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को चुनाव संबंधी नियमों, नामांकन प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया को समझने तथा नामांकन के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों से बचने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान संभावित प्रत्याशियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद भी किया गया। प्रतिभागियों ने नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, निर्धारित औपचारिकताओं तथा नामांकन पत्रों की जांच एवं निरस्तीकरण से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका प्रशिक्षकों द्वारा नियमानुसार समाधान किया गया। संवादात्मक प्रक्रिया के माध्यम से प्रतिभागियों की शंकाओं का निराकरण करते हुए उन्हें निर्वाचन संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया।
जिले की सभी पंचायत समितियों में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भावी संभावित प्रत्याशियों ने भाग लिया और निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के माध्यम से पंचायत समिति आम चुनाव-2026 में भाग लेने के इच्छुक व्यक्तियों को नामांकन संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

