मथुरा
वृंदावन में कात्यायनी मंदिर में दर्शन को उमड़ रही भक्तों की भीड़
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में मां कात्यायनी के जयकारों से गूंज रहे हैं। सुबह से ही माता के भक्तों की कतार जलाभिषेक के लिए लग रही है, तो पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ जुटना शुरू हो रही है, जो देर शाम तक मंदिर में लगी रहती है। शाम ढलते ही महिलाओं, युवतियों और बालकों की चहल-पहल शुरू हो जाती है। राधा बाग स्थित कात्यायनी मंदिर में इस साल शताब्दी वर्ष समारोह मनाया जा रहा है। सुबह से शाम तक विशेष पूजा-अर्चना के साथ शतचंडी महायज्ञ में वेदमंत्रों की गूंज सुनाई दे रही है। शाम होते ही दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जुटना शुरू होती है, तो देर शाम शयन आरती तक अनवरत रूप से लगी रहती है। इसी तरह प्राचीन मां चामुंडा देवी मंदिर, मथुरा दरवाजा स्थित पथवारी मंदिर, गोपीनाथ बाजार स्थित शीतला देवी मंदिर में सुबह से ही माता के भक्तों की कतार जलाभिषेक व पूजन के लिए उमड़ रही है। कात्यायनी मंदिर में रात 10.52 बजे संधि पूजा आरती होगी। अष्टमी-नवमी की मिलन बेला में होने वाली इस आरती के लिए दूर-दराज के हजारों भक्त मंदिर पहुंचते हैं। देर रात होने वाली संधि पूजा आरती से पहले मंदिर प्रबंधन ने भजन संध्या का आयोजन भी किया है।



