
बैढ़न के राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में होगा गरबा-जगराता महोत्सव 2026, पत्नी सीता शाह के साथ गरबा कर बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नवरात्रि के अवसर पर सिंगरौली में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का रंग जमने जा रहा है। राधा कृष्णा फाउंडेशन के तत्वावधान में 16 से 18 अक्टूबर तक राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम, बैढ़न में सिंगरौली गरबा एवं जगराता महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह आयोजन स्थल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छोटी कन्याओं का पूजन किया और अपनी पत्नी सीता शाह के साथ गरबा कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
विधायक के आयोजन स्थल पहुंचने पर आयोजन समिति और प्रतिभागियों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। विधायक को अपने बीच गरबा करते देख प्रतिभागियों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव की तैयारियों और सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर चहल-पहल नजर आई।
सुरक्षा और गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश
विधायक रामनिवास शाह ने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सावधानियों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही, आयोजन के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालु और प्रतिभागी सुरक्षित माहौल में कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
गरबा और जगराते से सजेगी तीन दिवसीय शाम
राधा कृष्णा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में गरबा और जगराते के माध्यम से धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी लोग शामिल होंगे।आयोजन से जुड़े सुरेंद्र सोनी ने सामाजिक संस्थाओं, राजनीतिक दलों तथा प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों और समाज के लोगों को साथ लेकर चलना जरूरी है। आयोजन समिति ने भी नागरिकों से सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।




