उत्तरकाशी

सीमांत क्षेत्र में पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

उत्तरकाशी : जनपद उत्तरकाशी भ्रमण पर पहुंचे पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक उत्तराखण्ड, सुनील कुमार मीणा द्वारा कोतवाली हर्षिल, पुलिस चौकी गंगोत्री एवं फायर स्टेशन लदाड़ी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्थाओं, कार्मिकों की सुविधाओं, सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीमांत क्षेत्र में स्थित कोतवाली हर्षिल के निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने कोतवाली परिसर एवं आवासीय भवनों का जायजा लिया। साथ ही बाढ़ प्रभावित एवं भागीरथी नदी तट से सटे संवेदनशील क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर वहां संचालित सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों को विशेष सावधानी एवं उच्च गुणवत्ता की सामग्री के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में संभावित आपदाओं एवं नदी के कटाव से कोतवाली परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

श्री गंगोत्री धाम पहुंचकर उनके द्वारा पुलिस चौकी गंगोत्री का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होने पुलिस फोर्स की उपलब्धता, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने पुलिस जवानों को श्रद्धालुओं के सुगम एवं कतारबद्ध दर्शन सुनिश्चित कराने तथा तीर्थयात्रियों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने सीमांत एवं दुर्गम उच्च हिमालयी क्षेत्र में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं जानीं तथा विषम परिस्थितियों में कर्तव्य निभा रहे जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित करें ।

फायर स्टेशन लदाड़ी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने फायर कार्मिकों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों एवं अग्निशमन संसाधनों का जायजा लिया। उन्होंने सभी अग्निशमन उपकरणों एवं व्यवस्थाओं को सदैव कार्यशील रखने के निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अतिरिक्त न्यू पुलिस लाइन लदाड़ी में निर्माणाधीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आधुनिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन इस कक्ष का कार्य निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय, पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button