बेतुल
बैतूल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके की गरिमा का नहीं रखा गया ध्यान
सम्मानित अतिथि के हाथों में थमा दी फूलों की टोकरी, तस्वीर सामने आने के बाद आयोजकों की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 31 अक्टूबर को बैतूल में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम के दौरान एक तस्वीर चर्चा का विषय बन गई है। तस्वीर में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके के हाथों में फूलों से भरी टोकरी दिखाई दे रही है। इस दृश्य को लेकर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के सम्मान को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके की मौजूदगी के बीच उनके हाथों में फूलों की टोकरी दिखाई देने से यह सवाल उठ रहा है कि क्या आयोजकों ने उनके पद, प्रोटोकॉल और गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाएं की थीं? आखिर केंद्रीय राज्य मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर आसीन जनप्रतिनिधि के सम्मान और भूमिका को लेकर कार्यक्रम में उचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, कम से कम केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके के पद और गरिमा का तो ख्याल रखा जाना चाहिए था। सार्वजनिक कार्यक्रमों में अतिथियों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पद की मर्यादा और प्रोटोकॉल से भी जुड़ा होता है।
अब सवाल यह है कि क्या यह महज एक व्यवस्थागत चूक थी या कार्यक्रम की तैयारियों में जनप्रतिनिधियों के सम्मान को लेकर पर्याप्त गंभीरता नहीं बरती गई? तस्वीर सामने आने के बाद आयोजकों की कार्यप्रणाली पर चर्चा शुरू हो गई है। संबंधित आयोजकों की ओर से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट किया जाना भी जरूरी है।



