बोकारो

डुमरियाटांड़ जंगल दोहरे मौत मामले में पति गिरफ्तार, हत्या का केस दर्ज

महिला और युवक के शव मिलने से फैली थी सनसनी, पुलिस ने छापेमारी कर नामजद आरोपी गणेश मरांडी को दबोचा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड अंतर्गत पेंक-नारायणपुर थाना क्षेत्र के डुमरियाटांड़ जंगल में महिला और पुरुष का शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला के पति गणेश मरांडी (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार, 4 नवंबर 2026 को छापेमारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को अपराह्न करीब दो बजे पेंक-नारायणपुर थाना को सूचना मिली थी कि डुमरियाटांड़ जंगल में एक पेड़ पर महिला और पुरुष के शव लटके हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुकेश दयाल सिंह पुलिस सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान एक ही साड़ी के दोनों सिरों से महिला और पुरुष के गले में बंधे होने की बात सामने आई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बाद में स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक पुरुष की पहचान लालधन मरांडी (21 वर्ष), पिता महादेव मरांडी, ग्राम धवैया, थाना पेंक-नारायणपुर, जिला बोकारो के रूप में की। वहीं मृतका की पहचान मालती देवी (20 वर्ष), पति गणेश मरांडी, ग्राम चिनीकीरो, टोला सलगागुटू, थाना डुमरी, जिला गिरिडीह के रूप में हुई। इस दोहरे मौत मामले को लेकर मृतक लालधन मरांडी के पिता महादेव मरांडी के लिखित आवेदन पर पेंक-नारायणपुर थाना कांड संख्या 39/26, दिनांक 01 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 103(1), 238, 351 एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें मालती देवी के पति गणेश मरांडी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी की और 4 नवंबर को आरोपी गणेश मरांडी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे उचित पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। घटनास्थल से मोबाइल फोन भी बरामद किए जाने की जानकारी पूर्व में सामने आई थी, जिसकी जांच को अनुसंधान का हिस्सा बताया गया था।

छापेमारी दल में शामिल थे अधिकारी

इस कार्रवाई में पेंक-नारायणपुर थाना प्रभारी मुकेश दयाल सिंह, पु०अ०नि० अजीत कुमार एवं जैप सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। डुमरियाटांड़ जंगल में दो शव मिलने की घटना ने ऊपरघाट सहित आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैला दी थी। शुरुआती दौर में ग्रामीणों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर भी चर्चा थी, हालांकि पुलिस ने मृतक के पिता के आवेदन पर हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस जांच के आगे के तथ्यों पर लोगों की नजर बनी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button