शामली
शामली निवासी पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल को महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकन अवार्ड-2026 से सम्मानित किए जाने पर कांधला के वैश्य समाज में हर्ष की लहर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। समाजसेवा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से किए गए योगदान के लिए शामली निवासी पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल को महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकन अवार्ड-2026 से सम्मानित किए जाने पर कांधला के वैश्य समाज में हर्ष की लहर है। दिल्ली में आयोजित समारोह में पूरे भारतवर्ष से चयनित 50 विशिष्ट व्यक्तियों को इस सम्मान से नवाजा गया, जिनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश से राजेश्वर बंसल भी शामिल रहे।
इस उपलब्धि की खुशी में कांधला के वैश्य समाज की ओर से कस्बे के जैन स्थानक में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन व्यापार मंडल अध्यक्ष ईश्वर दयाल कंसल ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति निस्वार्थ भाव से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझे और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करे। उन्होंने उपस्थित लोगों से समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने राजेश्वर बंसल को प्रतिष्ठित अवार्ड मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके समाज के प्रति समर्पण और सेवा भावना का गौरवपूर्ण परिणाम है। उन्होंने इसे समस्त वैश्य समाज के लिए गर्व और खुशी का विषय बताया। इस दौरान दिगंबर एवं श्वेतांबर जैन समाज के प्रतिनिधियों ने भी राजेश्वर बंसल को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पूर्व आई जी विजय गर्ग, विष्णु प्रकाश अग्रवाल, लोकेश गोयल, क्षितिज मित्तल, मेहरचंद, सचिन गोयल, रोहित गुप्ता, नरेंद्र अग्रवाल, मयंक जैन, वरुण जैन, वितुल जैन, अमित गर्ग, निखिल माहेश्वरी, ओम सिंघल, आदित्य गुप्ता, गुणपाल जैन, कंवरसेन जैन, नीरज गोयल, अमन मित्तल आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वैश्य समाज सहित विभिन्न वर्गों के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने राजेश्वर बंसल को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर राजेश्वर बंसल के पुत्र ने इस सम्मान के लिए कांधला के वैश्य समाज का आभार व्यक्त किया।


