धान की ढुलाई के लिए किसानों से शुल्क मांगने का आरोप, तीन लोगों पर रास्ता रोकने और धमकी देने की शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ अंचल के पितांबरा मौजा में धान की फसल खेत से घर ले जाने के रास्ते को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में किसानों ने जिला कृषि पदाधिकारी को आवेदन देकर तीन लोगों पर रास्ता रोकने, प्रति ट्रैक्टर 1,000 रुपये और प्रति बैलगाड़ी 500 रुपये की मांग करने तथा पैसे नहीं देने पर फसल खेत में ही सड़ाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। किसानों के अनुसार, पितांबरा मौजा के नंबर-65 में करीब दो हजार बीघा जमीन पर धान की खेती हुई है। फसल की ढुलाई के लिए किसान वर्षों से अनावादी खाता संख्या-238 एवं दाग संख्या-168 स्थित पोखर के पटाल वाले रास्ते का उपयोग करते आ रहे हैं। आरोप है कि आबा शेख, मोबारक शेख और मोहर्रम शेख उक्त रास्ते से धान ले जाने में बाधा डाल रहे हैं। किसानों ने बताया कि धान उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। समय पर फसल घर नहीं पहुंचने से आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप कर रास्ते से धान की ढुलाई सुनिश्चित कराने और आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में 18 नवंबर 2026 को दिए गए आवेदन की प्रतिलिपि उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं अंचल अधिकारी, पाकुड़ को भी भेजी गई है।



