बरेली
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील मीरगंज स्थित सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिलाधिकारी ने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अधिकारी आम जनमानस के साथ अच्छा व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रभावी कार्रवाई करें।
समाधान दिवस में अवैध कब्जा, आवास, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्राम विलास नगर निवासी ने ग्राम समाज की भूमि पर ग्रामीणों के अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम नगरिया कल्याणपुर निवासी ने दबंगों द्वारा श्मशान की भूमि पर कब्जे की शिकायत रखी, जिस पर तहसीलदार मीरगंज को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम फिरोजपुर निवासी ने विकासखंड मीरगंज से पुष्टाहार उठान का किराया वर्ष 2020 से न मिलने की शिकायत की, जिस पर संबंधित अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम हुरहुरी निवासी ने गांव में इंटरलॉकिंग ईंटें बिछवाने का प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर खंड विकास अधिकारी मीरगंज को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। खानपुर मोहल्ला निवासी ने राशन कार्ड में दो नए सदस्यों के नाम जुड़वाने का प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान ही राशन कार्ड में दो नए सदस्यों के नाम जुड़वा दिए।




