पाकुड़

अवकाश के दिन रविवार भी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पाकुड़ में एसआईआर कार्यों का लिया जायजा

पाकुड़ प्रखण्ड कार्यालय स्थित निर्वाचन शाखा में चल रहे एसआईआर कार्यों का किया बारीकी से निरीक्षण, अधिकारियों और कर्मियों को दिए आवश्यक दिशा- निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। झारखण्ड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग एवं जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ जुटा हुआ है। इसी क्रम में अवकाश के दिन रविवार को भी झारखण्ड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पाकुड़ पहुंचकर एसआईआर से सम्बन्धित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाकुड़ प्रखण्ड स्थित निर्वाचन शाखा का जायजा लेते हुए विभिन्न प्रक्रियाओं एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने एसआईआर कार्यों की प्रगति, कार्य निष्पादन की स्थिति तथा इससे जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि एसआईआर की प्रक्रिया निर्धारित समय- सीमा के भीतर व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरी की जा सके। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कार्यों से सम्बन्धित प्रत्येक बिंदु की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के इस निरीक्षण को एसआईआर कार्यों में तेजी लाने और निर्वाचन सम्बन्धी तैयारियों को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के पहुंचते ही पाकुड़ उपायुक्त सह- जिला निर्वाचन पदाधिकारी मेघा भारद्वाज के द्वारा गुलदस्ता देकर उनकी स्वागत किया गया। वही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मीडिया को बताया कि वे एसआईआर से जुड़े विभिन्न पहलुओं की रिकॉर्ड चेकिंग/ सुपर चेकिंग के लिए पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल से पाकुड़ में आकर बसे लोगों द्वारा एसआईआर में जमा किए गये दस्तावेजों का सम्बन्धित एडमिनिस्ट्रेशन (एसडीएम रैंक के अधिकारियों द्वारा सत्यापित)  से समन्वय स्थापित कर सत्यापन कराया जायेगा। जांच के बाद ही पात्र मतदाताओं को स्वीकार किया जायेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर सूची में केवल भारतीय पात्र मतदाता ही शामिल होंगे। विदेशी नागरिकों से इसका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने पाकुड़ के अधिकारियों द्वारा एसआईआर प्रक्रिया का सही तरीके से पालन किए जाने की बात कही। साथ ही झारखण्ड के कई जगहों में एसआईआर के दौरान फर्जी दस्तावेज जमा किए जाने के मामले सामने आने की जानकारी भी दी। इस दौरान अपार समाहर्ता जेम्स सुरीन, भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार, भूमि निबंधन पदाधिकारी विकास कुमार त्रिवेदी, डीएसओ अभिषेक कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मोहम्मद मुजाहिद अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, अंचल अधिकारी सह- प्रभारी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button