
दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद कराई गईं, सिविल डिफेंस ने घायलों के रेस्क्यू और प्राथमिक उपचार का किया अभ्यास
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शासन के निर्देश पर रविवार शाम जनपद शामली में सिविल डिफेंस के तत्वावधान में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। शाम छह बजे से साढ़े छह बजे तक चले अभ्यास के दौरान शामली नगर में निर्धारित क्षेत्र की बिजली और प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह बंद रखी गई। इस दौरान हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति का प्रदर्शन कर नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के तरीके बताए गए।
मॉकड्रिल की शुरुआत धीमानपुरा फाटक से हुई, जो थाना कोतवाली के निकट तक आयोजित की गई। इस दौरान व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों ने सहयोग करते हुए अपनी दुकानों व प्रतिष्ठानों की लाइटें और इनवर्टर बंद रखे। अभ्यास के माध्यम से लोगों को बताया गया कि हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में किस प्रकार सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई जा सकती है।
वहीं मिल रोड पर सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। काल्पनिक रूप से घायल लोगों को स्ट्रेचर के जरिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली भेजने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। स्वयंसेवकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने का भी प्रदर्शन किया।
मॉकड्रिल का आयोजन अपर जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सोहन लाल और अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में हुआ। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं और बचाव कार्यों का जायजा लिया।
इस दौरान तहसीलदार राहुल सिंह, सीओ सिटी, थाना प्रभारी, नागरिक सुरक्षा सहायक महताब अली सहित स्वास्थ्य, अग्निशमन, राजस्व और विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सिविल डिफेंस की टीम से जन्नत खान, सौरभ राणा, अंकित शर्मा, सुमित कुमार, ज्योति और छवि सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।



