
नई दिल्ली। सीजेपी नेता सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया गया। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि सौरभ की मां नेपाली मूल की होने के कारण उन्हें परेशान किया गया। पासपोर्ट में जन्मस्थान की जानकारी में विसंगतियों को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी होने की बात भी सामने आई है। इस मामले में मद्रास हाईकोर्ट में सौरव और उनके माता-पिता की पृष्ठभूमि की जांच कराने की मांग वाली याचिका भी दायर की गई है।
सौरव दास को लंदन जाने से क्यों रोका गया? टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने इस मामले को लेकर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह उर्फ बालेन शाह से शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सौरव दास को उनकी मां के नेपाली मूल की वजह से परेशान किया जा रहा है। दास को सोमवार रात दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था। वह आॅक्सफोर्ड यूनियन में भाषण देने के लिए लंदन जा रहे थे।
महुआ मोइत्रा ने बालेन शाह से क्या-क्या शिकायत की?
टीएमसी सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को टैग करते हुए सौरव दास को रोके जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ वह नेपाली प्रधानमंत्री से नजदीकियां बढ़ा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भारतीय युवा को विदेश जाने से रोका जा रहा है।
महुआ ने लिखा, ‘प्रिय बालेन शाह, हमारे प्रधानमंत्री आपसे नजदीकियां बढ़ा रहे हैं और दूसरी तरफ जेनजी सौरव दास को आॅक्सफोर्ड यूनियन में भाषण देने के लिए उड़ान भरने से रोक दिया गया, क्योंकि उनकी मां नेपाली मूल की हैं। आप युवाओं के आंदोलन के दम पर प्रधानमंत्री बने। देखिए हमारे प्रधानमंत्री युवाओं के साथ कैसा व्यवहार करते हैं! शर्म है।’
सौरव दास को किसने और क्यों रोका?
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता सौरव दास ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोके जाने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि वह रात एक बजे की फ्लाइट से लंदन जाने वाले थे, लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग कर दिया गया है। इसके बाद उन्हें यात्रा करने से रोक दिया गया।
पासपोर्ट को लेकर क्या विवाद?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पासपोर्ट में जन्मस्थान को लेकर दी गई जानकारी में विसंगतियां मिलने के बाद रीजनल पासपोर्ट आॅफिस चेन्नई ने सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इसी मामले में उनकी विदेश यात्रा पर रोक लगाई गई।


