पाकुड़

अवैध लॉटरी सरगना मालामाल, सपनों के दिलासा में उजाड़ते ग़रीबों की जिंदगियां आखिर कब लगेगी रोक

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ प्रखण्ड अन्तर्गत रेलवे लाइन के कई गांवों में कथित अवैध लॉटरी कारोबार को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीणों के बीच इस बात की आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से गरीब, कमजोर और आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के पुरुषों एवं बेरोजगार युवाओं को अपने सम्पर्क में लेकर उन्हें अवैध लॉटरी के कारोबार से जोड़ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, कथित लॉटरी संचालक/ सरगना पहले जरूरतमंद और कमजोर आर्थिक स्थिति वाले लोगों से दोस्ताना सम्बन्ध ( रिलेशन) स्थापित करते हैं। इसके बाद उन्हें आकर्षक उपहार, कमीशन और अतिरिक्त आमदनी का प्रलोभन देकर लॉटरी की बिक्री के लिए प्रेरित किया जाता है। आरोप है कि इस तरह धीरे-धीरे गरीब परिवारों के लोगों से लेकर युवाओं तक को इस कारोबार में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। दारु पार्टी की पेशकश भी अनदेखी तस्वीरें को दर्शाने में कलमकार हिचकिचाहट महसूस कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों का कहना है कि इस पूरे मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों और धर्मगुरुओं की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। सूत्रों के मुताबिक, अवैध लॉटरी कारोबार की चर्चा लंबे समय से होने के बावजूद इसे रोकने के लिए सामूहिक स्तर पर कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक सम्बन्धित लोगों के साथ व्यक्तिगत सम्बन्ध और कथित आर्थिक स्वार्थ के कारण कई लोग खुलकर विरोध करने से बच रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की भी स्वतंत्र जांच आवश्यक है। सूत्रों का कहना है कि ग्रामीणों के बीच यह चिंता भी जताई जा रही है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो इसका सबसे अधिक नुकसान गरीब और मेहनतकश परिवारों को उठाना पड़ सकता है। दो जून की रोटी के लिए संघर्ष करने वाले लोग अतिरिक्त कमाई और किस्मत बदलने की उम्मीद में अपनी मेहनत की कमाई लॉटरी पर खर्च कर सकते हैं। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ने के साथ घरेलू तनाव और सामाजिक असंतोष बढ़ने की आशंका है। स्थानीय स्तर पर यह भी महसूस किया जा रहा है कि अवैध लॉटरी कारोबार का प्रभाव केवल आर्थिक नुकसान तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे सामाजिक सौहार्द, आपसी विश्वास और भाईचारे पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। ग्रामीणों का मानना है कि पंचायत के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, गणमान्य नागरिकों और धर्मगुरुओं को एकजुट होकर इस दिशा में सकारात्मक पहल करनी चाहिए, ताकि गांव में बेहतर सामाजिक वातावरण कायम रह सके। वही प्रशासन और पुलिस से क्षेत्र में कथित अवैध लॉटरी कारोबार की निष्पक्ष जांच कराने तथा इसमें संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। साथ ही, गरीब परिवारों और बेरोजगार युवाओं को इस तरह के अवैध लॉटरी कारोबार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया जाना चाहिए। सूत्रों का कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई के साथ समाज के जिम्मेदार लोगों की सामूहिक पहल भी जरूरी है। यदि समय रहते इस पर प्रभावी रोक लगाई जाती है तो कई गरीब परिवारों को आर्थिक बर्बादी से बचाया जा सकता है। अब देखना यह होगा कि स्थानीय प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button