झामुमो में हेमन्त युग का हुआ आगाज, निरस्त की कार्यकारी अध्यक्ष का पद, शिबू सोरेन बने संस्थापक संरक्षक

एनपीटी रांची ब्यूरो,
रांची, झारखण्ड मुक्ति मोर्चा पार्टी ने अपना नया केन्द्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया है। इसके मुताबिक सीएम हेमन्त सोरेन झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के नये केन्द्रीय अध्यक्ष चुन लिये गये हैं। जबकि दिशोम गुरु शिबू सोरेन को विधिवत झामुमो का संस्थापक संरक्षक बना गया। राजधानी रांची के खेत गांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा की दो दिवसीय 13वें महाधिवेशन के दुसरे दिन यह निर्णय लिया गया है। गौरतलब हो कि इस निर्णय के साथ ही अब झामुमो की कमान पूरी तरह से हेमन्त सोरेन के हाथ में आ गई है। रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित महाधिवेशन के पहले ही दिन पार्टी के संविधान में संशोधन कर कार्यकारी अध्यक्ष का पद समाप्त कर दिया गया है और इसकी जगह नियमानुसार संस्थापक संरक्षक का नया पद सृजित किया गया। इससे पहले चर्चा थी कि गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जायेगा। लेकिन महाधिवेशन की शुरुआती दिन को ही झामुमो पार्टी के संविधान में संशोधन कर कार्यकारी अध्यक्ष का पद समाप्त कर संस्थापक संरक्षक का पद बहाल किया गया। गौरतलब हो कि हेमन्त सोरेन को वर्ष 2015 में पार्टी के 10वें महाधिवेशन में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।