अमरोहा
पपसरा खादर में भाकियू (BR अंबेडकर) ने, स्कूल के सामने फैले गंदे तालाब के जल भराव को लेकर धरना प्रदर्शन किया आंदोलन दी चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा/गजरौला के ब्लॉक गजरौला के ग्राम पपसरा खादर में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (BR अंबेडकर) के बैनर तले एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन के विस्तार पर चर्चा करते हुए दर्जनों ग्रामीणों को यूनियन की सदस्यता दिलाई गई। बैठक में मुख्य रूप से गांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के सामने फैले दूषित तालाब की समस्या का मुद्दा सामने आया
यूनियन के पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल के ठीक सामने गंदा तालाब होने के कारण छात्र-छात्राओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। तालाब से आने वाली अत्यंत दुर्गंध के बीच बच्चे पढ़ने को मजबूर हैं, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। साथ ही, गंदगी के कारण क्षेत्र में भयंकर बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
यूनियन ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का अविलंब समाधान किया जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही तालाब की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं हुई, तो संगठन स्कूली बच्चों के साथ उसी गंदे पानी में बैठकर पढ़ाई करने को विवश होगा और उग्र धरना प्रदर्शन करेगा।
इस अवसर पर डॉ. दिग्विजय भाटी, दीपक गुर्जर, सोनू पोसवाल, सोनू गुर्जर, कुलदीप भारती, अरविन जाटव, रूम सिंह खड़कवंशी, मेवाराम खड़वंशी, सूरज पाल जाटव, मंथन प्रधान, मुखिया, तालिब प्रधान सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



