
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। फरीदपुर क्षेत्र व आस-पास के किसानों को अब जिले या कहीं दूर की मंडी में भटकना नहीं पड़ेगा। मंडी प्रशासन ने फरीदपुर में करीब 13 एकड़ जमीन पर नई उप मंडी स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। मंडी प्रशासन ने सरकारी जमीन को चिन्हित कर मंडी का पूरा लेआउट प्लान तैयार कर लिया है। मंडी में बनने वाली दुकानों से सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।
प्रस्ताव के अनुसार नई उप मंडी में किसानों के लिए आधुनिक सुविधाओं के साथ दुकानें, प्लेटफॉर्म, नीलामी स्थल, कोल्ड स्टोरेज समेत गोदाम जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। मंडी प्रशासन का मानना है कि उप मंडी बनने से फरीदपुर और आसपास के गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए शहर की मुख्य मंडी तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों का समय और परिवहन खर्च दोनों बचेंगे।



