ललितपुर
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 14 मार्च 2026 के सफल आयोजन को लेकर जनपद के समस्त नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सचिव देवप्रिय सारस्वत, अपर उप जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञानेन्द्र विक्रम, एलडीएम रंजीत कुमार, एसडीएम सदर मनीष कुमार, सीओ लाइन सुनील भारद्वाज, तहसीलदार तनवीर हसन सहित क्षेत्रीय वन अधिकारी, जिला चकबंदी अधिकारी, जल संस्थान के जेई, नगर पालिका के अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड शहरी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक आयुक्त स्टाम्प तथा जनपद की विभिन्न तहसीलों के तहसीलदार व नायब तहसीलदार उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विगत राष्ट्रीय लोक अदालत की समीक्षा की गई तथा आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक वादों को सूचीबद्ध करने और संबंधित पक्षों को नोटिसों की तामील सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक मामलों का निस्तारण कराने के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा गया। बैठक में सभी अधिकारियों ने लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया।
