ललितपुर

मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा गार्डों की कमी

पूर्व आउटसोर्सिंग गार्डों के सेवा विस्तार की उठी मांग, डिप्टी सीएम को भेजा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में पूर्व से कार्यरत आउटसोर्सिंग सुरक्षा गार्डों के सेवा विस्तार और समायोजन को लेकर मामला फिर चर्चा में आ गया है। इस सम्बन्ध में चिकित्सा महाविद्यालय प्रशासन द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री को विस्तृत आख्या भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्देश पर सीएमओ द्वारा जेम पोर्टल के माध्यम से सेवा प्रदाता एजेंसी ओमेक्स सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड, गोमती नगर लखनऊ के जरिए वर्ष 2023 में 47 सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति की गई थी। इन गार्डों ने मेडिकल कॉलेज और अन्य स्वास्थ्य इकाइयों में अपनी सेवाएं दीं। हालांकि मार्च 2025 में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के बाद 31 मार्च 2025 के पश्चात इन सुरक्षा गार्डों से सेवाएं न लेने के निर्देश जारी कर दिए गए, जिसके बाद उनकी सेवाएं समाप्त हो गईं। सेवा समाप्ति के बाद गार्डों और कर्मचारी संगठनों ने कई जनप्रतिनिधियों और उच्चाधिकारियों से सेवा विस्तार या समायोजन की मांग को लेकर लगातार पत्राचार किया। बताया गया है कि इस संबंध में राज्यमंत्री मनोहर लाल ने भी मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर सुरक्षा गार्डों के सेवा विस्तार या समायोजन पर विचार करने का अनुरोध किया था। इसके बाद शासन स्तर से भी कई बार इस मामले में आख्या मांगी गई। इधर शासन के निर्देशानुसार मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था के लिए अब उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के माध्यम से सुरक्षा गार्ड तैनात किए जा रहे हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 35 से 40 गार्ड ही उपलब्ध कराए गए हैं। जबकि कॉलेज परिसर का विस्तार होने के कारण अमरपुर स्थित छात्रावास, एकेडमिक ब्लॉक, फैकल्टी आवास, एसआर-जेआर आवास और 300 बेड के नवनिर्मित अस्पताल की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में गार्डों की आवश्यकता बनी हुई है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि पूर्व सैनिक कल्याण निगम से बार-बार लिखित और मौखिक अनुरोध के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शासन स्तर पर उचित निर्णय लिए जाने की आवश्यकता है। ज्ञापन भेजते समय हरगोविन्द, दामोदर, अमरेन्द्र राजपूत, मंगल सिंह, चांदनी, दीपक राठौर, संजीव सेन, रोहित राजपूत, मंगललाल, रिया, पूजा, नेहा, ममता, राजेश, रोहित पटेल, सोनू, शोभाराम सेन, अभिषेक कुमार, किरन, सुनीता, शिवकुंवर, भागवती, राघवेन्द्र यादव, जितेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button