
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
महरौनी (ललितपुर)। तहसील महरौनी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्हेड़ी में 1 से 7 अप्रैल तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एवं प्राचीन अंजनी माता मेले से पूर्व व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आ रही है। मेले से पहले गांव में साफ-सफाई, सड़क, बिजली और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की लचर स्थिति ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों के अनुसार मेला क्षेत्र के पास हाल ही में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण का कार्य कराया गया था, लेकिन सड़क के दोनों किनारों पर मिट्टी डालने का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इसके अलावा गांव की ओर जाने वाली सड़क भी आधी-अधूरी बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेले के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु और वाहनों का आवागमन होता है, ऐसे में अधूरी सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव तथा मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कई स्थानों पर कूड़ा-करकट फैला हुआ है, जिससे मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है। वहीं बिजली व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। कई जगहों पर जर्जर विद्युत लाइनें और अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के कारण रात्रि में समस्या उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि अंजनी माता मेले में प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में प्राथमिक चिकित्सा, पुलिस सुरक्षा तथा पर्याप्त पेयजल व्यवस्था का होना अत्यंत आवश्यक है। यदि इन व्यवस्थाओं पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मेले के आयोजन से पूर्व लोक निर्माण विभाग द्वारा अधूरी पड़ी सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा सड़क के दोनों किनारों पर मिट्टी डलवाई जाए। साथ ही साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो ऐतिहासिक अंजनी माता मेले की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।