नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। थाना बार क्षेत्र के एक गांव में एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार महिला ने थाना बार में दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री बीती 11 मार्च 2026 की रात करीब एक बजे घर से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिली कि एक गांव निवासी नीरज राजा पुत्र स्व.हल्के राजा उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। पीडि़ता की मां का आरोप है कि इस घटना में राजू लुहार नामक युवक ने भी सहयोग किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 61(2) व 87 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।