गोड्डा

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत

आक्रोशित ग्रामीणों ने दो घंटे तक NH-133 किया जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बलबड्डा : गोड्डा–पिरपैंती मुख्य मार्ग (NH-133) पर बलबड्डा थाना क्षेत्र के कमरगामा गांव के पास सोमवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में 50 वर्षीय जलाल, पिता नईमुल हक की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मेहरमा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने कमरगामा गांव के पास खड़ी दूसरी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए।दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग को लेकर गोड्डा–पिरपैंती मुख्य सड़क (NH-133) को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार और मेहरमा प्रभाग इंस्पेक्टर रूबी मिंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम हटाया गया और सड़क पर आवागमन फिर से सामान्य हो सका।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button